मुंबई: महाराष्ट्र में करीब 7 करोड़ फ्लैट मालिकों को अब अपने फ्लैट का अलग कानूनी दस्तावेज मिलेगा। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने गुरुवार को 'वर्टिकल प्रॉपर्टी कार्ड' के ड्राफ्ट नियम जारी किए।
मकसद है कि खेती की जमीन के 7/12 उतारे की तरह फ्लैट मालिकों को भी अपना अलग रिकॉर्ड मिले। अभी गांवों में जमीन मालिकों के पास 7/12 उतारा है और शहरों में मकान मालिकों के पास प्रॉपर्टी कार्ड। लेकिन फ्लैट मालिक के पास अपने हक का ऐसा अलग रिकॉर्ड नहीं है।
इसे 'वर्टिकल' इसलिए कहा जाता है कि फ्लैट इमारत में एक के ऊपर एक होते हैं।
यह व्यवस्था महाराष्ट्र भूमि राजस्व संहिता 1966 के नियमों में बदलाव करके लाई जाएगी। सिर्फ अधिकृत निर्माण, मंजूर बिल्डिंग प्लान और जरूरी कागजात वाले प्रोजेक्ट ही पात्र होंगे।
शहरी इलाकों की इमारतों के लिए D1 और D2, दो फॉर्मैट होंगे। D1 रिकॉर्ड में मूल जमीन मालिक, जमीन, मंजूर प्लान, खुली जगह, सड़कें और साझा जगहों का ब्योरा होगा। D2 रिकॉर्ड में हर फ्लैट मालिक का नाम, फ्लैट नंबर, मंजूर क्षेत्र और मालिकाना हक होगा।
बावनकुले के मुताबिक इस व्यवस्था से राज्य के करीब सात करोड़ फ्लैट मालिकों को फायदा होगा और उन्हें इमारत में अपनी संपत्ति पर व्यक्तिगत कानूनी हक मिलेगा।
पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। मंजूरी के बाद फ्लैट मालिकों को डिजिटल प्रॉपर्टी कार्ड मिलेंगे।
इस व्यवस्था में हर फ्लैट पर बैंक कर्ज, बंधक, बकाया प्रॉपर्टी टैक्स, सोसाइटी की बकाया, अदालती रोक और सरकारी देनदारी का रिकॉर्ड भी रहेगा।
सार्वजनिक सूचना और आपत्ति के लिए 30 दिन का समय दिया गया है। सुझाव और आपत्ति के बाद दो महीने में नियम अंतिम करने का इरादा है।