मुंबई: टाटा स्टील ने अपना स्टील ट्यूब और कलर कोटेड कारोबार APL Apollo Tubes को बेच दिया है। साथ ही उसी कंपनी में प्रमोटरों की हिस्सेदारी खरीदकर उस पर नियंत्रण लेने का दो-तरफा सौदा भी किया है।
22 नवंबर की बोर्ड बैठक में ये प्रस्ताव मंजूर हुए। जमशेदपुर, होसुर, खोपोली और साहिबाबाद के ट्यूब प्लांट ₹11,700 करोड़ में, जबकि टाटा स्टील कलर्स प्राइवेट लिमिटेड की 100 फीसदी हिस्सेदारी ₹16,300 करोड़ में बेची जाएगी। कुल रकम ₹28,000 करोड़ है।
टाटा स्टील कलर्स का टर्नओवर करीब ₹4,680 करोड़ और मुनाफा करीब ₹85 करोड़ रहा है।
दूसरे चरण में टाटा स्टील ने APL Apollo में प्रमोटरों की 26.6 फीसदी हिस्सेदारी 2,100 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से ₹15,510 करोड़ में खरीदी है। इसके अलावा 26 फीसदी हिस्से के लिए 2,301.40 रुपये प्रति शेयर पर खुली पेशकश दी है, जिसकी रकम ₹16,756 करोड़ बैठती है। इससे पहले कंपनी ने खुले बाजार से 10 फीसदी हिस्सा ₹5,825 करोड़ में खरीदा था।
सारे लेनदेन पूरे होने पर टाटा स्टील की हिस्सेदारी 52.6 फीसदी तक पहुंच सकती है। कंपनी का कुल खर्च ₹32,266 करोड़ तक जाएगा, जबकि बिक्री से ₹28,000 करोड़ मिलेंगे।
यह सौदा कॉम्पिटिशन कमीशन ऑफ इंडिया की मंजूरी पर टिका है। पूरा होने की आखिरी तारीख 31 मार्च 2028 तय की गई है। टाटा स्टील के मुताबिक APL Apollo उसकी आगे की ग्रोथ का जरिया बनेगा और 2035 तक 15.5 मिलियन टन क्षमता खड़ी करने का लक्ष्य है।
गवर्नेंस विशेषज्ञों ने सवाल उठाए हैं। "वैल्यूएशन बहुत बड़ा है और ज्यादातर रकम प्रमोटरों को जा रही है। अल्पमत शेयरधारकों की मंजूरी मिलना आसान नहीं होगा," इनगवर्न के संस्थापक श्रीराम सुब्रमण्यम ने कहा।
सोमवार को टाटा स्टील का शेयर 8.4 फीसदी गिरा।