मुख्य सामग्री पर जाएं
मुख्यमंत्रीमुख्यमंत्री
राजनीतिराजस्थान

पंचायत चुनाव में कांग्रेस आगे, मंत्री का पूरा परिवार हारा

राजस्थान में 37 जिलों की जिला परिषद और पंचायत समिति सीटों की गिनती शुक्रवार सुबह 8 बजे शुरू हुई. 144 पंचायत समितियों में कांग्रेस आगे है और बीजेपी 88 पर, जबकि जिला परिषद में कांग्रेस 13 और बीजेपी 10 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. सीकर में शहरी विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी 51 वोट से हारीं, दोनों बेटे भी हारे.

· · 1 मिनट में पढ़ें

जयपुर: राजस्थान में शुक्रवार सुबह 8 बजे 37 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति की गिनती शुरू हुई. दोपहर तक राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक कांग्रेस 144 पंचायत समितियों में आगे थी, जबकि बीजेपी 88 में.

जिला परिषद की दौड़ में कांग्रेस 13 और बीजेपी 10 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. अब तक नतीजे आ चुकी 3,462 पंचायत समिति सीटों में कांग्रेस ने 1,882 और बीजेपी ने 1,149 सीटें जीतीं. निर्दलीयों के खाते में 272, रालोपा के 233 और बाप के 100 सीटें आईं.

दिन का सबसे चर्चित नतीजा सीकर से आया. शहरी विकास एवं आवास मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी शांति देवी अजीतगढ़ पंचायत समिति के वार्ड 17 से कांग्रेस की सरिता देवी से 51 वोट से हार गईं. अजीतगढ़ में कांग्रेस ने 17 में से 13 सीटें जीतीं, बीजेपी को तीन और निर्दलीय को एक मिली. खर्रा के दोनों बेटे अजय सिंह और दुर्गा सिंह भी श्रीमाधोपुर पंचायत समिति से हारे.

सीकर जिला परिषद में कांग्रेस 18 और बीजेपी 16 सीटों पर आगे है. बीजेपी के सीकर जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ की पत्नी गणपति वार्ड 3 से कांग्रेस की रजनी से हारीं.

जयपुर जिला परिषद में जिन 15 वार्डों के नतीजे आए, उनमें 11 पर कांग्रेस का कब्जा रहा. बीजेपी को दो और रालोपा को एक सीट मिली.

चुनाव चार चरणों में 22 अक्टूबर, 28 अक्टूबर, 3 नवंबर और 14 नवंबर को हुए. 41,480 बूथों पर 2.48 करोड़ से ज्यादा वोट पड़े. 1,275 जिला परिषद वार्डों के लिए 4,069 और 7,543 पंचायत समिति वार्डों के लिए 25,108 उम्मीदवार मैदान में थे.

कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर में गिनती 17 दिसंबर को होगी, क्योंकि वहां मौजूदा संस्थाओं का कार्यकाल 22 दिसंबर को खत्म हो रहा है.

अगला पड़ाव 25 नवंबर है, जब जिला प्रमुख चुने जाएंगे. 26 नवंबर को उप-जिला प्रमुख और 24-25 दिसंबर को प्रधान-उप प्रधान की चुनाव प्रक्रिया होगी.