मुख्य सामग्री पर जाएं
मुख्यमंत्रीमुख्यमंत्री
राजनीतिराजस्थान

85 लाख वोटर, 6,926 उम्मीदवार; राजस्थान पंचायत चुनाव का पहला चरण आज

राजस्थान में पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान गुरुवार सुबह 7 बजे शुरू हो गया. 16 जिला परिषदों और 104 पंचायत समितियों के लिए 85.07 लाख वोटर 6,926 उम्मीदवारों की किस्मत तय करेंगे. नतीजे 20 नवंबर को.

· · 1 मिनट में पढ़ें

जयपुर : राजस्थान में पंचायत राज चुनाव के पहले चरण का मतदान गुरुवार सुबह 7 बजे शुरू हो गया. इस चरण में 16 जिला परिषदों के 293 वार्डों और 104 पंचायत समितियों के 1,788 वार्डों के लिए वोट डाले जा रहे हैं. राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, 85,07,304 वोटर 6,926 उम्मीदवारों का भविष्य तय करेंगे.

हर वोटर जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य, दोनों पदों के लिए वोट डालेगा. इसलिए हर बूथ पर दो ईवीएम लगाई गई हैं. पहले चरण के लिए 9,886 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा.

पहले चरण में अजमेर, अलवर, बाड़मेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, जोधपुर, कोटा, नागौर, पाली, फलोदी, राजसमंद, सिरोही और उदयपुर जिलों में वोटिंग हो रही है. जिला परिषद सदस्य के लिए 1,693 और पंचायत समिति सदस्य के लिए 5,233 उम्मीदवार मैदान में हैं.

आयोग ने बूथों पर पानी, छाया और बैठने की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं. भीलवाड़ा जिले की लसाड़िया ग्राम पंचायत के बूथ 91 पर कंट्रोल यूनिट खराब होने से मतदान करीब सवा घंटे देर से शुरू हुआ.

भाजपा और कांग्रेस, दोनों के लिए ग्रामीण इलाकों में अपना जनाधार साबित करने की चुनौती है. जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के सभी चरणों की मतगणना 20 नवंबर को होगी. इससे पहले 24 अक्टूबर को सरपंच व वार्ड पंच और 25 अक्टूबर को उपसरपंच का चुनाव होगा.