चंडीगढ़ : दिल्ली एयरपोर्ट पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को करीब तीन घंटे तक रोके जाने और 50,000 रुपये का चालान किए जाने का आरोप आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को लगाया। पार्टी ने इसे जानबूझकर किया गया अपमान बताया।
आप प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने वीडियो बयान में कहा कि मान पेरिस से लौट रहे थे, तभी एयरपोर्ट अधिकारियों ने सामान न आने या जांच चलने का हवाला देकर उन्हें रोक लिया। करीब तीन घंटे बाद अधिकारी मुख्यमंत्री के पास आए और कहा कि उन पर 'ऊपर से जबरदस्त दबाव' है। इसके बाद 50,000 रुपये का चालान थमा दिया गया।
पन्नू ने कहा कि मान दुनिया के दूसरे सबसे बड़े फूड फेस्टिवल में पंजाब के उत्पादों के प्रचार के लिए पेरिस गए थे। उनका दावा था कि यह दौरा पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के निर्देश पर हुआ और कोर्ट ने मुख्यमंत्री को उचित प्रोटोकॉल देने को कहा था, लेकिन पेरिस में कौंसल जनरल उनसे मिलने नहीं आए।
पन्नू ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मान के विदेश दौरों में लगातार अड़ंगा डाल रही है और कम से कम चार बार अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने इसे 'पंजाब विरोधी' रवैया बताते हुए नरेंद्र मोदी सरकार पर राज्य की गरिमा तार-तार करने का आरोप लगाया।
इन आरोपों पर केंद्र सरकार या दिल्ली एयरपोर्ट प्राधिकरण की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव हैं। भाजपा ने नशे के मुद्दे को अपना केंद्रीय चुनावी मुद्दा बनाया है, जबकि आप केंद्र पर केंद्रीय एजेंसियों के जरिए राज्य सरकार पर दबाव बनाने का आरोप लगाती रही है। पन्नू ने कहा कि केंद्र को डर है कि मान के विदेश दौरों से पंजाब में निवेश आ सकता है।