पुणे: महासभा में FC रोड के फुटपाथों पर अतिक्रमण को लेकर सभी दलों के पार्षदों के हंगामे के कुछ ही घंटों बाद पुणे महानगरपालिका की टीमों ने वहां अवैध निर्माण हटा दिए। मंगलवार दोपहर शुरू हुई यह कार्रवाई दो घंटे से ज्यादा चली।
महापालिका की टीमों ने अवैध शेड, सड़क किनारे की दुकानें और फुटपाथ पर कब्जाई गई जगह खाली कराई। FC रोड इलाके का प्रतिनिधित्व करने वाले भाजपा पार्षदों ने महासभा में इस आंदोलन की अगुवाई की। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार पाठपुरावा के बाद भी फुटपाथ कब्जे में रहे।
पार्षदों ने कहा कि अवैध ठेले सिर्फ परेशानी नहीं देते, सुरक्षा का सवाल भी खड़ा करते हैं। उन्होंने पुलिस और महापालिका से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की और कार्रवाई न होने पर और तेज आंदोलन की चेतावनी दी।
सदन के नेता गणेश बिडकर ने कहा कि अतिक्रमण का सवाल सिर्फ FC रोड और डेक्कन जिमखाना तक सीमित नहीं, पूरे शहर में है। मुद्दा महासभा में उठने के कुछ ही मिनटों में अलग-अलग इलाकों के 50 से ज्यादा पार्षदों के पत्र उन्हें मिले। इन पत्रों में फुटपाथ पर कब्जा, इमारतों की साइड और फ्रंट मार्जिन का कारोबार में इस्तेमाल और कार्रवाई में निरंतरता की कमी के मुद्दे थे।
"प्रशासन ठेले चलाने वालों की पहचान जांचे और देखे कि उनके पास वैध लाइसेंस है या नहीं," बिडकर ने कहा।
महापालिका आयुक्त नवल किशोर राम ने भरोसा दिया कि अवैध ठेलों और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई प्रमुख सड़कों पर भी जारी रहेगी। "ऐसी कार्रवाइयों के लिए महापालिका को शहर पुलिस की मदद चाहिए। FC रोड समेत सभी इलाकों के लिए कार्ययोजना बनाएंगे," उन्होंने कहा।
पार्षदों ने कार्रवाई का स्वागत किया, लेकिन कहा कि यह एक दिन की नहीं होनी चाहिए।