न्यूयॉर्क: खालिस्तानी नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के आरोपी भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को शुक्रवार को न्यूयॉर्क की संघीय अदालत में सजा सुनाई जाएगी. सुनवाई जज विक्टर मैरेरो की अदालत में होगी.
गुप्ता ने इस साल फरवरी में हत्या के लिए पैसे लेने की साजिश, ऐसी साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग यानी काली कमाई की साजिश, इन तीनों आरोपों में दोष कबूल किया था.
अमेरिकी सरकार ने 293 महीने यानी 24 साल पांच महीने की जेल की मांग की है. सरकार का कहना है कि गुप्ता की भूमिका अमेरिकी धरती पर एक अमेरिकी नागरिक की हत्या की विदेशी साजिश का अहम हिस्सा थी.
गुप्ता के वकीलों ने 144 महीने यानी 12 साल की सजा की मांग की है. उन्होंने कहा कि अदालत के प्रोबेशन विभाग ने भी 12 साल की सिफारिश की है. सजा की गाइडलाइन रेंज 235 से 293 महीने बताई गई है.
गुप्ता को 2023 में चेक गणराज्य में गिरफ्तार किया गया था और बाद में अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया.
सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक गुप्ता और पूर्व सरकारी अधिकारी विकास यादव ने 2023 में पन्नू की हत्या की योजना बनाई थी. उसी दौरान नेपाल या पाकिस्तान में एक अन्य व्यक्ति की हत्या पर भी दोनों के बीच बात हुई थी, ऐसा आरोप अभियोगपत्र में है.
गुप्ता ने जज को लिखे पत्र में अपनी गलती मानते हुए माफी मांगी है. गिरफ्तारी के बाद अपनी मानसिक हालत बिगड़ने की बात भी उन्होंने कही है.
भारत ने इस मामले में लगाए गए आरोपों को लगातार खारिज किया है.