मुख्य सामग्री पर जाएं
मुख्यमंत्रीमुख्यमंत्री
राजनीतिमहाराष्ट्र

बालासाहेब की तस्वीर पर विवाद; शायना ने मांगी माफी, राऊत बोले 'माफी काफी नहीं'

सोनिया गांधी की किताब के विरोध में हुए प्रदर्शन में बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ने के आरोपों के घेरे में शिवसेना नेता शायना एनसी आईं और उन्होंने माफी मांग ली. शिवसेना (ठाकरे) कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया.

· · 1 मिनट में पढ़ें
बालासाहेब की तस्वीर पर विवाद; शायना ने मांगी माफी, राऊत बोले 'माफी काफी नहीं'

मुंबई: सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग' के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ने के आरोपों के घेरे में आईं शिवसेना की राष्ट्रीय सचिव और प्रवक्ता शायना एनसी (शायना चुडासमा मुनोत) ने गुरुवार को शिवसैनिकों से माफी मांग ली.

एक्स पर अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा, "कुछ लोग और कुछ रिश्ते जीवनभर साथ रहते हैं, दिल के एक कोने में घर बना लेते हैं. हिंदुहृदयसम्राट, शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे ऐसे ही पिता तुल्य और देवता जैसे व्यक्तित्वों में से एक थे." उन्होंने कहा कि अगर उनकी किसी कार्रवाई से किसी की भावना आहत हुई हो तो वे माफी मांगती हैं, और साफ किया कि बालासाहेब का अपमान करने का उनका इरादा नहीं था.

शिवसेना (ठाकरे) के सांसद संजय राऊत ने माफी को काफी नहीं माना. "बालासाहेब ठाकरे और मराठी लोगों का अपमान करने के लिए माफी काफी नहीं है," उन्होंने कहा. उन्होंने शायना के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की.

गुरुवार को मुंबई में शिवसेना (ठाकरे) कार्यकर्ताओं ने शैना के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इस प्रदर्शन में शामिल हुए. बाद में कई लोगों को हिरासत में लिए जाने की खबर है.

विवाद बुधवार से शुरू हुआ, जब सोनिया गांधी की किताब के विरोध में हुए एक कार्यक्रम में शायना ने किताब के पन्ने फाड़े. कहा जा रहा है कि जिन पन्नों को फाड़ा गया, उनमें बालासाहेब की तस्वीर वाला पेज भी था.

यह टकराव शिवसेना के दोनों गुटों के लिए असहज है. बालासाहेब का नाम और तस्वीर दोनों खेमों की भावनात्मक राजनीति का केंद्र है. एक तरफ शिंदे गुट की नेता माफी मांग रही हैं, दूसरी तरफ ठाकरे गुट कार्रवाई पर अड़ा है.

शैना ने अपनी सफाई में किताब के आपत्तिजनक मजमून के खिलाफ विरोध जताया. पार्टी की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया. पुलिस ने इलाके में तैनाती बढ़ा दी थी ताकि दोनों पक्षों के कार्यकर्ता आमने-सामने न आएं.