बेंगलुरु: अंतरिक्ष में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल के लिए अलग मानक और अंतरिक्ष यान को धरती पर वापस लाने के लिए साफ फ्रेमवर्क जरूरी है। यह मांग देश के स्पेस स्टार्टअप्स के संस्थापकों ने बेंगलुरु टेक समिट में रखी।
स्काईसर्व के सह-संस्थापक और मुख्य तकनीकी अधिकारी विशेष वत्सल ने कहा कि इन-स्पेस और इसरो को भविष्य की अंतरिक्ष प्रणालियों की जरूरतों पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा, "हमें अपने खुद के मानकों की तरफ बढ़ना शुरू करना होगा। अंतरिक्ष में AI लागू करने में हम लापरवाही नहीं बरत सकते।"
उन्होंने एक और खतरा गिनाया। पुख्ता सुरक्षा इंतजाम के बिना अंतरिक्ष में AI तैनात करने से स्पेस डेब्रिस का खतरा बढ़ सकता है। अंतरिक्ष में लगे सिस्टम के साथ छेड़छाड़ न हो, इसके लिए सुरक्षा मानक भी चाहिए।
इनबाउंड एयरोस्पेस के सह-संस्थापक कैप्टन अभिजीत भुते (सेवानिवृत्त) ने बताया कि देश के पास अंतरिक्ष यान वापस लाने के लिए अलग रिकवरी रेंज नहीं है। 2028 के नियोजित मिशन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यान कहां उतरेगा, इस पर साफ स्थिति चाहिए। घरेलू सुविधा न होने पर ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों पर निर्भर रहना पड़ेगा।
गैलेक्सआई के सह-संस्थापक डेनिल चावड़ा ने कहा कि माइक्रोवेव सेंसर के लाइसेंस से जुड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों में भारत की भागीदारी बढ़नी चाहिए। नियमों की उलझन से परियोजनाएं एक-दो साल तक लटक सकती हैं।
व्योमआईसी के सह-संस्थापक लोकेश कबडाल ने कहा कि घरेलू मांग बढ़ाने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक देश में रजिस्टर्ड स्पेस स्टार्टअप 2014 में एक थे, जो अगस्त 2026 तक करीब 440 हो गए हैं। देश की अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था 2030 तक 40 से 45 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है।