सरकारी तंत्र को आम जनता के प्रति अपनी कार्यशैली बदलने का कड़ा संदेश देते हुए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और ठाणे के पालक मंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी सरकारी काम को केवल एक 'नौकरी' की तरह न लें, बल्कि दिल से लोकसेवा करें। ठाणे के गडकरी रंगायतन में आयोजित भव्य समारोह में वे 'सेवा संकल्प अभियान' के सफल समापन पर बोल रहे थे। इस विशेष अभियान के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण विभागों के आपसी समन्वय से जिले भर में 1,056 से अधिक जनकल्याणकारी गतिविधियां पूरी की गईं।
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि जनसेवा का यह संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यप्रणाली से प्रेरित है और यह किसी एक पखवाड़े या अभियान तक सीमित न रहकर निरंतर जारी रहना चाहिए। राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज की ‘ग्रामगीता’ के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने अधिकारियों को खरी-खरी सुनाई कि साल में कुछ दिन ‘सौजन्य सप्ताह’ मनाकर बाकी दिन नागरिकों को चक्कर कटवाना बंद होना चाहिए। नागरिकों के साथ हर दिन विनम्रता और अपनत्व का व्यवहार होना जरूरी है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि आगामी त्योहारों और सूखे की चुनौतियों के बीच ग्रामीण और किसान भाइयों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए प्रशासन को पूरी तत्परता से काम करना होगा।
प्रशासनिक पहुंच का उदाहरण देते हुए उन्होंने मुरबाड, शहापुर और भिवंडी के आदिवासी क्षेत्रों में आयोजित ‘घोंगड़ी बैठकों’ (जमीन पर बैठकर की गई चौपालों) की सराहना की। इन बैठकों के जरिए अधिकारी सीधे सुदूर पाड़ों तक पहुंचे ताकि तकनीकी त्रुटियों या दस्तावेजों की कमी के कारण कोई भी जरूरतमंद सरकारी लाभ से महरूम न रहे। अभियान के दौरान मुफ्त स्वास्थ्य शिविर, आवश्यक प्रमाण पत्र वितरण, खेल प्रतियोगिताएं और ‘बिरसा मुंडा’ व ‘डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर कृषि स्वावलंबन’ योजनाओं का जमीनी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया।
समारोह के दौरान जिला खनिज प्रतिष्ठान निधि (DMFT) के तहत आदिवासी आश्रम शालाओं की कक्षा 8वीं से 10वीं की छात्राओं को साइकिलें बांटी गईं और लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपे गए। कार्यक्रम में सांसद नरेश म्हस्के, विधायक रवींद्र फाटक, बदलापुर की नगराध्यक्ष रुचिता घोरपड़े, कोंकण संभागीय आयुक्त रुबल अग्रवाल, ठाणे मनपा आयुक्त सौरभ राव, जिलाधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल और जिला परिषद सीईओ रणजीत यादव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की रूपरेखा जिलाधिकारी डॉ. पांचाल ने प्रस्तुत की, जबकि आभार प्रदर्शन निवासी उपजिलाधिकारी डॉ. संदीप माने ने किया।
