अमरावती: रामपुरी कैंप के मुख्य रास्ते पर साई सचूराम दरबार की ओर बन रहे प्रवेश द्वार का बीम मंगलवार शाम सेंटरिंग के साथ ढह गया. मलबे में दबकर चार मजदूर घायल हो गए. दमकल और स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया.
घायलों में मो. ऐफाज (26), जमीर खान समशेर खान (35), शेख मुजफ्फर शेख बब्बू (24) और शेख जमीर शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक सभी मजदूर नागपुरी गेट थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. अस्पताल सूत्रों ने बताया कि एक मजदूर के पैर और दूसरे के सिर पर गंभीर चोट है. चारों की हालत अभी स्थिर है और इलाज चल रहा है.
नगर निगम के वार्ड नंबर सात के कृष्णानगर-रामपुरी कैंप में पिछले तीन महीने से करीब 22 फीट ऊंचे और 20 फीट चौड़े प्रवेश द्वार का काम चल रहा था. दोनों तरफ के कंक्रीट पिलर खड़े हो चुके थे. मंगलवार को पिलरों को ऊपर से जोड़ने के लिए बीम डाला जा रहा था.
सुबह से 12 से 15 मजदूर बीम में कंक्रीट भर रहे थे. 22 फीट की ऊंचाई पर काम होने से मजदूरों के खड़े होने के लिए अस्थायी चैली बनाई गई थी और बीम पर सेंटरिंग लगाई गई थी. प्रत्यक्षदर्शी मजदूरों ने बताया कि पांच-छह घमेले कंक्रीट भरना ही बाकी था कि पूरा बीम नीचे आ गिरा.
हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. बाबा कॉर्नर से रामपुरी कैंप होते हुए विलासनगर जाने वाला यह मुख्य रास्ता है, इसलिए कुछ देर यातायात बंद रहा.
गाडगे नगर थाने में नगरसेवक मनीष चेतन बजाज की शिकायत पर ठेकेदार पंकज शर्मा (रायली प्लॉट) और आदित्य गुप्ता (साईनगर) के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज हुआ है. पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 125(ए) और 290 के तहत केस दर्ज किया गया.
शिकायत में बजाज ने पुलिस को बताया कि बीम का मलबा गीला था और सड़क पर फैल गया था, जिससे रास्ता जाम हो सकता था, इसलिए जेसीबी लाकर मलबा हटाया गया. थानेदार गोरखनाथ जाधव के मार्गदर्शन में जांच जारी है.
स्थानीय स्तर पर बताया गया कि प्रवेश द्वार का काम गुरु नानक जयंती (24 नवंबर) से पहले पूरा करना था. आसपास के लोगों ने मांग की है कि बीम गिरने की असली वजह, सेंटरिंग की मजबूती और निर्माण में गड़बड़ी की गहराई से जांच हो.
इस हादसे में किसी की जान नहीं गई.